जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज रात 8 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक प्रदेश में पूरी तरह से लॉकडाउन करने का ऐलान किया है। एलजी कार्यालय की ओर से इस संबंध में ट्वीट कर जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि शनिवार 24 अप्रैल की रात 8 बजे से 26 अप्रैल सोमवार की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान सभी व्यापारिक प्रतिष्ठिान, बाजार पूरी तरह से बंद रहेंगे।सरकार की ओर से यह फैसला केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को मद्देनजर रखते हुए लिया गया है। लॉकडाउन के दौरान जरूरी और आवश्यक सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों को छूट होगी। जरूरी और आवश्यक सेवाओं को इसमें छूट दी गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से पहले से ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में सरकार के दिशा निर्देशों पर 50 प्रतिशत दुकानें ही खुलने की अनुमति है। इसी सप्ताह से सभी बाजारों में दुकानों के खुलने के दिन निर्धारित किए गए हैं। पुलिस सुबह बाजारों में घूम घूमकर तयशुदा दिन के अनुसार ही दुकानें खुलने देती है। इसके अलावा शहर में जगह-जगह पुलिस और प्रशासन के अधिकारी बिना मास्क पहनकर बाजारों में घूम रहे लोगों को जुर्माना भी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से बार-बार सभी को शारीरिक दूरी का पालन करने, मास्क पहनने की अपील की जा रही है लेकिन बावजूद इसके कुछ लोग सरकार द्वारा तयशुदा एसओपी का पालन नहीं कर रहे हैं।इसी बीच शनिवार को तीन व्यापारिक संगठनों की ओर से स्वेच्छा से वीकेंड लॉकडाउन शुरू किया गया। जम्मू की सबसे बड़ी अनाज मंडी वेयर हाऊस-नेहरू मार्केट ने अपने स्तर पर वीकेंड लॉकडाउन लगाया।व्यापारिक संगठनों का मानना है कि ऐसा करने से शहर में कोविड 19 की चेन को तोड़ने में मदद मिलेगी। भीड़ कम होने से कोरोना संक्रमण भी नहीं फैलेगा।